ऑपरेशन प्रहार: विकासनगर में महिला नशा तस्कर गिरफ्तार, 37 ग्राम स्मैक बरामद

देहरादून। एसएसपी देहरादून की सख्ती के तहत दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में कोतवाली विकासनगर पुलिस ने 2 अगस्त की रात कुंजा ग्रान्ट क्षेत्र में एक महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 11 लाख 10 हजार रुपये मूल्य की 37 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त अभियुक्तों के खिलाफ लगातार सत्यापन व चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी दौरान कोतवाली विकासनगर की पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय मुस्कान पत्नी सोनू (निवासी ग्राम कुंजा ग्रान्ट) को रंगे हाथों पकड़ा।

पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि उसने यह स्मैक एक स्थानीय नशा तस्कर से खरीदकर लाई थी और इसे बेचकर मुनाफा कमाने की योजना बना रही थी। पुलिस ने इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कुछ अन्य नशा तस्करों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिनके खिलाफ आगे कार्रवाई की जा रही है।

अभियुक्ता के खिलाफ कोतवाली विकासनगर थाने में मुकदमा संख्या 230/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि मुस्कान पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है। वर्ष 2023 में भी उसी थाने में उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 480/2023 धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट दर्ज हो चुका था।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता (चौकी प्रभारी कुल्हाल), कांस्टेबल रजनीश, महिला कांस्टेबल रुचिता डोभाल और पीआरडी आनन्द सिंह शामिल रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments