

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण – SIR के संबंध में फीडबैक लिया। बैठक में नोटिस चरण की सुनवाई की प्रगति को लेकर दलों को विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया गया।
बैठक में सीईओ ने स्पष्ट किया कि SIR प्रक्रिया के दौरान किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 24 लाख नोटिसों के सापेक्ष लगभग 19 लाख यानी 77 प्रतिशत नोटिस BLO के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं।
सीईओ के अनुसार अब तक फार्म-6 के 93 हजार से अधिक, फार्म-7 के 1 लाख 39 हजार और फार्म-8 के 40 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। फार्म-7 पर ERO/AERO स्तर पर सत्यापन के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि दावे-आपत्ति चरण में एक मतदाता अधिकतम 5 मामलों में ही दावा/आपत्ति दे सकता है। यदि किसी क्षेत्र में इससे अधिक मामले आते हैं तो ERO स्वयं विधिवत जांच कर निस्तारण करेंगे।
इसी तरह राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट एक दिन में अधिकतम 10 फार्म जमा कर सकते हैं। पुनरीक्षण अवधि में 30 फार्म तक जमा करने पर भी ERO स्तर पर जांच होगी।
सीईओ ने सभी जिलों को निर्देश दिए कि सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का BLO दस्तावेज लेकर सत्यापन कर अपने स्तर पर ही निस्तारण करें, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है उन पर विशेष फोकस कर ERO/AERO स्तर पर सुनवाई कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में भाजपा से राजकुमार पुरोहित, कांग्रेस से सूर्यकांत धस्माना और अमरेंद्र बिष्ट, बसपा से सतेंद्र चोपड़ा और जसपाल तथा CPI-M से अनंत आकाश मौजूद रहे।

Recent Comments