ऑरेंज अलर्ट का असर: देहरादून में 6 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी पर जिला प्रशासन हाई अलर्ट, ट्रैकिंग पर रोक; विभागों को आपदा से निपटने के निर्देश

देहरादून । भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जनपद देहरादून के लिए 5 और 6 अगस्त को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन ने व्यापक एहतियाती कदम उठाए हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 6 अगस्त को जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मौसम विभाग और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल से प्राप्त चेतावनी के आधार पर अगले 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तीव्र वर्षा की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इधर, जिलाधिकारी द्वारा संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर रोक लगाने तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन की अनुमति नहीं देने का निर्णय भी लिया गया है।

लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और अन्य संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी सड़क के बाधित होने पर उसे तत्काल खोलने की कार्रवाई करें। वहीं नगर निकायों को नालियों और कल्वर्टों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था सुचारु रखने को कहा गया है।

राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना और चौकियों को राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन हर समय सक्रिय रखने तथा आवश्यक राहत सामग्री और उपकरण साथ रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि यदि कहीं लोग फंसते हैं तो उनके लिए तत्काल खाद्य सामग्री, पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिला प्रशासन ने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2720000, 0135-2620006 एवं 7534820006 पर देने की अपील की है।

यहां देखें छुट्टी का आदेश

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments