

देहरादून। कोतवाली प्रेमनगर क्षेत्र में हुई मोबाइल स्नेचिंग की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। घटना को अंजाम देने वाले राजस्थान के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों अभियुक्त बीएससी एग्रीकल्चर के छात्र हैं और इंटर्नशिप के लिए देहरादून आए थे।
दिनांक 5 अगस्त की शाम करीब 7 से 7:30 बजे प्रेमनगर सरकारी अस्पताल वाली सड़क पर क्रिश गुप्ता और उनकी महिला मित्र जा रहे थे। इसी दौरान क्रिश के परिचित दो युवकों अमन जांगिड और हिमांशु मीणा ने उनके साथ बदतमीजी की और क्रिश का वन प्लस मोबाइल छीनकर फरार हो गए। रात में अभियुक्तों ने छीने गए मोबाइल से युवती को फोन कर दोनों की फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी और 50 हजार रुपये की मांग की। पैसा न देने पर जान से मारने की भी धमकी दी गई।
इस तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा संख्या 165/26 धारा 304(2), 308(2), 351(2) और 74 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। एसएसपी देहरादून की निर्देशानुसार गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच तेज की। 7 अगस्त को दोनों अभियुक्तों को प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त थार वाहन (एचआर-19-यू-1424) बरामद किया गया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे राजस्थान के रहने वाले हैं और निजी संस्थान में बीएससी एग्रीकल्चर के चौथे वर्ष के छात्र हैं। वे सिर्फ दो दिन पहले इंटर्नशिप के लिए देहरादून आए थे। दोनों नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए अपने परिचित क्रिश को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत उन्होंने मोबाइल स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया।
गिरफ्तार अभियुक्त अमन जांगिड (21) पुत्र मुकेश कुमार, निवासी किशनगढ़ बास, अलवर (राजस्थान) और हिमांशु मीणा (19) पुत्र राम प्रसाद मीणा, निवासी जयसिंहपुरा, जयपुर (राजस्थान) हैं। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विजय प्रताप राही, हेड कांस्टेबल नरेन्द्र और कांस्टेबल मो. अनीस शामिल रहे।

Recent Comments