

देहरादून । कांवड़ मेले को सकुशल रूप से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आज ऋषिकेश तथा रानीपोखरी, रायवाला क्षेत्र का भ्रमण कर कांवड़ मेले हेतु किए गए पुलिस प्रबंधों का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए एसएसपी देहरादून ने उपस्थित अधिकारियों को त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान कांवड़ मेले में आए श्रद्धालुओं को फूल-माला पहनाकर एसएसपी देहरादून ने उनका स्वागत किया तथा उनसे वार्ता कर उनकी यात्रा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। वार्ता के उपरांत सभी श्रद्धालुओं को फल, पेय पदार्थ तथा मिष्ठान वितरित करते हुए उनकी सुरक्षित एवं सुगम यात्रा हेतु शुभकामनाएं दी गईं।
इसके बाद एसएसपी देहरादून ने कांवड़ ड्यूटी में नियुक्त पुलिसकर्मियों से वार्ता कर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी कर्मियों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी ड्यूटियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान एसएसपी देहरादून ने उपस्थित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के अंतिम पड़ाव में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के दृष्टिगत आसपास के जनपदों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पूर्व निर्धारित मार्गों पर ही कांवड़ यात्रा को संचालित किए जाने तथा श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही खड़ा करवाने के निर्देश दिए, जिससे मुख्य मार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहनों का दबाव न बढ़े और यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो सके।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान एसएसपी देहरादून के साथ पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments