जनपद में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षौल्लास के साथ मनाया गया

स्कूली छात्र–छात्राओं ने प्रस्तुत किए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम

उत्तरकाशी । जिले में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया जा रहा है। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदानों को कृतज्ञतापूर्वक याद करते हुए प्रदेश व देश को विकास की नई ऊॅंचाईयों पर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरूआत में जिले भर में छात्र-छात्राओं के द्वारा प्रभातफेरी निकाली गई। प्रातः 9 बजे सभी सरकारी कार्यालयों व विद्यालयों के साथ ही अनेक गैरसरकारी भवनों पर भी राष्ट्रध्वज फहराया गया।

कलक्ट्रेट परिसर उत्तरकाशी में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण के पश्चात् उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों द्वारा राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का गायन किया। कलक्ट्रेट ऑडीटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान ने कहा कि आज पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। देश के आजादी के लिए शहीद होने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हैं। देश के समग्र विकास के लिए सब लोगों को ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा, यही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्वतंत्रता दिवस की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का दिन है। आज हमारा देश 80वाँ स्वतंत्रता दिवस मना रहा है स्वतंत्रता दिवस समरसत्ता और एकजुटता का संदेश देता है और संकल्प के साथ हम निरंतर प्रगति के पथ पर विकास की ओर अग्रसर है।

इस अवसर पर गोस्वामी गणेशदत्त विद्या मंदिर, ऋषिराम शिक्षण संस्थान और एम.डी.एस उत्तरकाशी के छात्र छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत एवं लोकसंस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई । पंचतत्व एक पहाड़ी उड़ान से अनुराग नौटियाल और पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार द्वारा भी देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति द्वारा माहौल को देशभक्ति के जोश और उत्साह से भर दिया।

इस अवसर पर डिजिटल युवा महोत्सव फिट उत्तराखंड ऐप पर विभिन्न गतिविधियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को भी सम्मानित किया गया तथा मुख्यमंत्री राहत कोष के तीन लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। इस दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान में विशेष योगदान देने के लिए अमीषा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार,दर्जाधारी राज्य मंत्री प्रताप पंवार,पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जय भारत सिंह, एडीएम मुक्ता मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य , अधिकारी और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। मंच का संचालन प्रशासन की ओर से सुधीर जोशी व एमडीएस की छात्राओं प्रगति और पहल द्वारा किया गया।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments