कुमाऊँ में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन: सीएम धामी बोले – बूथ तक संगठन मजबूत करना प्राथमिकता

नैनीताल। भारतीय जनता पार्टी कुमाऊँ संभाग की जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को नैनीताल जिले के लालकुआं विधानसभा क्षेत्र स्थित गौलापार मंडल, चोरगलिया के नंधौंरगढ रिसोर्ट में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के साथ हुआ।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है और संगठन को लगातार मजबूत करने के लिए इस तरह की बैठकें बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन और सरकार मिलकर जनता के हित में काम कर रहे हैं। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने पर लगातार काम किया जा रहा है।

सीएम धामी ने कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। संगठन के पदाधिकारियों से सीधे संवाद के जरिए जमीनी स्तर की समस्याओं और सुझावों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव, कार्यक्रमों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा करना है। उन्होंने सभी जिला और मंडल अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करें और संगठन की स्थिति व कार्ययोजना पर मंथन कर समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करें।

इस दौरान सीएम धामी ने विपक्षी कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे के बयान को दलित विरोधी और मिथ्या करार देते हुए निंदा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प वाले भारत में किसी जाति विशेष पर अमर्यादित टिप्पणी की सोच भी संभव नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्र विरोधी, राष्ट्रगीत का अपमान, सनातन विरोधी और महिला विरोधी रुख अपनाने तथा एक विशेष समुदाय के वोट बैंक के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि 100 चुनाव हारने के बाद भी कांग्रेस अपनी गलतियों से कुछ सीखना नहीं चाहती।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी संगठन लगातार विस्तार और मजबूती की दिशा में काम कर रहा है। मंडल और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से चलाने और सरकार के काम को जनता तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में कुमाऊँ संभाग के 8 जिलों नैनीताल, उधमसिंह नगर, काशीपुर, चंपावत, पिथौरागढ, रानीखेत, अल्मोड़ा और बागेश्वर के जिला अध्यक्ष तथा 130 मंडलों के अध्यक्ष शामिल हुए। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार बैठक में उपस्थित रहे जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने किया।

पार्टी नेताओं का मानना है कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में हुई यह बैठक आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments