एचएनबीजीयू में फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम-2026 का शुभारंभ, देशभर के 92 नवनियुक्त शिक्षक ले रहे भाग

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के यूजीसी-मदन मोहन मालवीय शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र द्वारा आयोजित एक माह के फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम (एफआईपी)-2026 का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम 2 सितंबर से 30 सितंबर तक चलेगा, जिसमें देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 92 नवनियुक्त शिक्षक ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से प्रतिभाग कर रहे हैं।

उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नव नालंदा महाविहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सिद्धार्थ सिंह और विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग के कुलपति प्रो. सीबी शर्मा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम के समन्वय में एमएमटीटीसी के निदेशक प्रो. देवेंद्र सिंह नेगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

स्वागत संबोधन में प्रो. देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि नवनियुक्त शिक्षकों को उच्च शिक्षा की बदलती आवश्यकताओं, अकादमिक मूल्यों, शिक्षण पद्धतियों, अनुसंधान और संस्थागत उत्तरदायित्वों से परिचित कराने में ऐसे कार्यक्रमों की अहम भूमिका है।

कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला नहीं बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों से निरंतर सीखने और नवाचार अपनाने का आह्वान किया।

प्रो. सिद्धार्थ सिंह ने भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध विरासत पर प्रकाश डालते हुए इसे आधुनिक शिक्षा के साथ जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रो. सीबी शर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के आयामों पर चर्चा करते हुए उच्च शिक्षा को समग्र, लचीला, बहुविषयक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की बात कही।

प्रो. नेगी ने बताया कि एफआईपी के तहत शिक्षण-अधिगम, अनुसंधान, भारतीय ज्ञान प्रणाली, एनईपी 2020, व्यावसायिक नैतिकता, आईसीटी और डिजिटल दक्षता तथा संस्थागत शासन जैसे विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान होंगे। कार्यक्रम की मूल भावना ओरिएंट, इंस्पायर, एम्पावर है।

सायंकालीन सत्र में हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के प्रो. आरटी बेदरा ने उच्च शिक्षा नीति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर चर्चा की, जबकि बीएचयू के प्रो. आशीष श्रीवास्तव ने एफआईपी की अवधारणा और आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमर जीत सिंह, डॉ. सोमेश थपलियाल, डॉ. कविता भट्ट और डॉ. राहुल के. सिंह ने किया।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments