

देहरादून। जनपद में उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा एवं मानक गुणवत्ता का पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पूर्ति विभाग द्वारा पेट्रोल पंपों का आकस्मिक निरीक्षण अभियान जारी है। इसी क्रम में बुधवार को जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल के नेतृत्व में एक पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण कर स्टॉक, माप एवं ईंधन गुणवत्ता से जुड़े मानकों की विस्तृत जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप परिसर में स्थापित भूमिगत टैंकों में उपलब्ध पेट्रोल-डीजल के स्टॉक का संबंधित स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया गया, जिसमें वास्तविक स्टॉक एवं अभिलेखों में दर्ज स्टॉक सही पाया गया। टीम ने ईंधन वितरण करने वाले सभी नोजलों की माप की भी गहन जांच की, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। इससे यह स्पष्ट हुआ कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में ही ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान ई-20 पेट्रोल की गुणवत्ता की भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच की गई, जिसमें पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा मानकों के अनुरूप पाई गई। अधिकारियों ने ईंधन गुणवत्ता, माप व्यवस्था एवं स्टॉक रखरखाव से जुड़े अन्य अभिलेखों की भी जांच की। इस दौरान पेट्रोल पंप के प्रतिनिधि प्रशांत रावत मौजूद रहे और उन्होंने विभागीय टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनपद के सभी पेट्रोल पंपों का औचक एवं नियमित निरीक्षण आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईंधन आपूर्ति, माप अथवा गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Recent Comments