

देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को अपने शासकीय आवास से मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत 4812 लाभार्थियों को 2.87 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि जारी की। यह राशि पीएफएमएस के माध्यम से डीबीटी से लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी।
मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार 2020 से कोरोना महामारी के दौरान अभिभावकों को खोने वाले बेसहारा बच्चों को हर माह 3000 रुपये की सहायता दे रही है। जून 2026 तक की राशि पहले ही जारी हो चुकी है।
जुलाई 2026 में 4812 लाभार्थियों के लिए 1 करोड़ 44 लाख 36 हजार रुपये और अगस्त 2026 में 4779 लाभार्थियों के लिए 1 करोड़ 43 लाख 37 हजार रुपये वितरित किए गए। दोनों माह मिलाकर कुल 2 करोड़ 87 लाख 73 हजार रुपये की सहायता दी गई।
उन्होंने बताया कि जुलाई में 38 और अगस्त में 33 बच्चे 21 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं। योजना शुरू होने से अब तक 21 वर्ष पूरे करने वाले 1513 बच्चे और माता-पिता के पुनर्विवाह व मृत्यु जैसे कारणों से 252 बच्चे योजना से बाहर हुए हैं, कुल 1765 बच्चे बाहर हो चुके हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य कोविड प्रभावित बच्चों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए सहायता देना है। इस अवसर पर सीपीओ अंजना गुप्ता सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Recent Comments