

55 लाख के मामले से शुरू हुआ विवाद पहुंचा थाने तक, पूर्व एसएचओ नरेश राठौर पर भी जांच के आदेश
देहरादून। प्रेमनगर थाने में एक दंपत्ति के साथ कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ चुका है। इस प्रकरण में पूर्व प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर समेत पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं पीड़ित पक्ष की ओर से प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित कर पूरे मामले को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए गए।
पीड़ित पक्ष के यशपाल सिंह तंवर ने बताया कि प्रवीण सेमवाल के खिलाफ पहले 55 लाख रुपये से जुड़े एक मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसकी चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है। इसके बाद प्रवीण सेमवाल की ओर से भी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया, जिसमें पूर्व थाना प्रभारी नरेश राठौर को भी आरोपी बनाया गया।
यशपाल सिंह तंवर के अनुसार, नरेश राठौर को इस मामले में स्टे मिल चुका है और अब वे भी अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे में स्टे की मांग कर रहे हैं।
परिवार की ओर से प्रवीण सेमवाल पर धोखाधड़ी के भी आरोप लगाए गए हैं। यशपाल सिंह तंवर के मुताबिक, प्रवीण सेमवाल वर्ष 2020 से उनके यहां काम कर रहा था और 2022 में काम की जिम्मेदारी उसके भरोसे सौंपी गई थी। आरोप है कि इसके बाद उसने कथित तौर पर नकली चाबी बनाकर बाहरी लोगों से संपर्क करना शुरू कर दिया।
फिलहाल मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच जारी है, वहीं पीड़ित पक्ष ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

Recent Comments