

देहरादून: जनपद देहरादून में तैनात रहे दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण होने पर पुलिस मुख्यालय में एक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह में एसपी क्राइम/ट्रैफिक जितेन्द्र चौधरी, जिनका स्थानांतरण राजभवन हुआ है, और एसपी सिटी प्रमोद कुमार, जिनका स्थानांतरण ऊधम सिंह नगर हुआ है, को औपचारिक विदाई दी गई।
समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी देहरादून ने दोनों अधिकारियों के साथ बिताए कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान दोनों अधिकारियों ने न केवल जन समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाई, बल्कि अपने अधीनस्थों के साथ भी सहयोगात्मक व्यवहार रखा, जो सराहनीय है।

कार्यक्रम के अंत में एसएसपी ने दोनों अधिकारियों को स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments