अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग फिर तेज, चौथी बरसी पर 18 को गांधी पार्क में जुटेगा संयुक्त संघर्ष मंच

देहरादून। अंकिता भंडारी की चौथी बरसी के अवसर पर अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने निष्पक्ष जांच और दोषियों को कठोर सजा दिए जाने की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को देहरादून प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान मंच के प्रतिनिधियों ने सरकार से मामले में उठे VIP कनेक्शन की सच्चाई जनता के सामने लाने और अंकिता के परिवार को पूर्ण न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की।

प्रेस वार्ता में विभिन्न सामाजिक, महिला, पूर्व सैनिक, सांस्कृतिक व राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि घटना को वर्ष बीत जाने के बावजूद परिवार और प्रदेश की जनता के मन में कई गंभीर सवाल आज भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले से जुड़े VIP एंगल और महत्वपूर्ण पहलुओं की जिस निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए थी, वह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। मंच ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को पद या रसूख के कारण जांच के दायरे से बाहर नहीं रखा जाना चाहिए।

अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच द्वारा सरकार के समक्ष सात प्रमुख मांगें रखी गई हैं। मंच की पहली और मुख्य मांग अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े VIP एंगल तथा उस दौरान उठे गंभीर सवालों की निष्पक्ष जांच कर उसकी सच्चाई को सार्वजनिक करने की है। इसके साथ ही, मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों, दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों को पूरी तरह सुरक्षित रखते हुए उनका निष्पक्षता से परीक्षण किए जाने की मांग की गई है। संघर्ष मंच का कहना है कि जब तक पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता, तब तक इस मामले की पैरवी और जांच प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्य मांगों को रेखांकित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों की स्वतंत्र जांच हो, न्याय की आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं को डराना-धमकाना बंद किया जाए और प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा के लिए ठोस व जवाबदेह व्यवस्था बनाई जाए।

उत्तराखंड महिला मंच की कमला पंत ने कहा कि अंकिता को न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा, क्योंकि यह लड़ाई उत्तराखंड की हर बेटी के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ी है। इस दौरान मंच ने घोषणा की कि आगामी 18 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे गांधी पार्क, देहरादून में एक विशाल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में लगभग 50 सामाजिक संगठन और विभिन्न राजनीतिक दल (भाजपा को छोड़कर) हिस्सा लेंगे। इस दौरान एक मानव श्रृंखला बनाकर अंकिता को न्याय दिलाने का संकल्प भी लिया जाएगा।

प्रेस वार्ता में इंसानियत मंच से रवि चोपड़ा, सामाजिक कार्यकर्ता सुजाता पॉल, पूर्व सैनिक संगठन से पी.सी. थपलियाल, गढ़वाल सभा से रविन्द्र असवाल, निर्मला बिष्ट, त्रिलोचन भट्ट, कुलदीप मदवार, बी.के. डोभाल, भुवन पाठक समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments