

1150 नशीले ट्रामाडोल कैप्सूल एवं 10 कोडीन कफ सिरप बरामद; NDPS Act के तहत मामला दर्ज
हरिद्वार। एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने पिरान कलियर क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर से 1150 नशीले ट्रामाडोल कैप्सूल और 10 कोडीन कफ सिरप बरामद किए हैं। इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। उनके विरुद्ध थाना कलियर, जनपद हरिद्वार में धारा 8/22/29 NDPS Act के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिनांक 15.09.2026 को एसटीएफ कार्यालय देहरादून को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि हरिद्वार क्षेत्र के पिरान कलियर में स्थित मोनी मेडिकल स्टोर का संचालक नशीली दवाओं का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना पर एसटीएफ टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर मेडिकल स्टोर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर एवं अन्य स्थानों से कुल 1150 पुरोक्सिविन स्पास कैप्सूल तथा 10 कोडिक्टस टीआर (ट्रिप्लोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड एंड कोडीन फॉस्फेट) सिरप बरामद हुए। बरामद दवाओं के संबंध में पूछताछ करने पर दुकान पर मौजूद दोनों व्यक्तियों द्वारा इनके क्रय-विक्रय से संबंधित कोई वैध अभिलेख अथवा चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन प्रस्तुत नहीं किया गया। पूछताछ एवं मौके पर की गई कार्यवाही के आधार पर दोनों व्यक्तियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों एवं बरामद नशीली दवाओं को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में कुर्बान अली पुत्र अब्दुल मजीद, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम महमूदपुर, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार व आदिल पुत्र जिंदा हसन, उम्र 24 वर्ष, निवासी मुकरपुर, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार हैं जिनसे 1150 नशीले ट्रामाडोल कैप्सूल एवं 10 कोडीन कफ सिरप की बरामदगी हुई है।
पुलिस टीम में निरीक्षक भवानी पंत, एसआई दीपक मैठाणी, डीआई विनोद जगूड़ी, डीआई हरीश सिंह, हेड कांस्टेबल रवि पंत, हेड कांस्टेबल देशराज तथा थाना कलियर पुलिस टीम शामिल थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें तथा किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी जैसे अपराध में शामिल न हों। यदि कहीं भी नशा तस्करी से संबंधित कोई सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन अथवा एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखंड से संपर्क करें। “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत एसटीएफ द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।एसटीएफ/एएनटीएफ संपर्क नंबर: 0135-2656202, 9412029536 हैं।

Recent Comments