

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में जिले भर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का कड़ा अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में दून पुलिस ने एक तरफ जहां थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में हुई नकबजनी की एक घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, वहीं दूसरी तरफ जिले भर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 17 वारंटियों को दबोचने में सफलता पाई है।
नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में हुई चोरी के मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि नवादा निवासी जसकरन पाल ने थाने में तहरीर दर्ज कराई थी कि उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने गैस सिलेंडर और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देशों पर गठित पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुराने अपराधियों के सत्यापन के साथ-साथ अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
सघन चेकिंग और सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 16 सितंबर को ईंट भट्टा नवादा ग्राउंड के पास स्थित एक खंडहर से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान दीपक पंत (24 वर्ष), सुलेमान (19 वर्ष) और गोपाल शर्मा (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सभी नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के ही निवासी हैं। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने बंद मकान में चोरी की बात स्वीकार की। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर करीब 2 लाख रुपये मूल्य के चोरी के आभूषण और भारत गैस का एक सिलेंडर बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में तीनों ने खुलासा किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी नशे की लत व अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए ही उन्होंने चोरी की इस घटना को अंजाम दिया था। वे सामान को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही दून पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
दूसरी ओर, जिले में कानून-व्यवस्था को सख्त बनाने के उद्देश्य से एसएसपी देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ में दून पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे 17 वारंटियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए वारंटियों में क्लेमेंट टाउन से मोहन थापा व लियाकत; नेहरू कॉलोनी से वीर सिंह जाट व ललित कुमार; वसंत विहार/शास्त्रीनगर से ललित कुमार; प्रेमनगर क्षेत्र से श्रीमती आशा गुरुंग, श्रीमती सरोजनी कैन्तुरा व सविता; पटेलनगर से रामपाल सिंह, शादाब व उषा देवी; सेलाकुई से अनिल; सहसपुर से अलीशाद; कोतवाली नगर से अरशद; राजपुर से गौरव डबराल; रायपुर से चंद्र मोहन रावत और मनोज शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों, वारंटियों और नशा तस्करों के खिलाफ दून पुलिस की यह सख्त कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

Recent Comments