

टिहरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जनपद मुख्यालय के बौराड़ी स्टेडियम में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और सेवा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जनपद में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगा।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़क, आवास योजना में पात्रता, सफाई निरीक्षक भर्ती की प्रतीक्षा सूची और भूस्खलन क्षति जैसी समस्याएं रखीं। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि सरकार योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए उनके द्वार तक पहुंच रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में लगातार कार्य हो रहे हैं।
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 2014 के बाद देश ने हर क्षेत्र में प्रगति की है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी, किसान सम्मान निधि से महिलाओं और किसानों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यूसीसी और नकल विरोधी कानून जैसी पहल की गई हैं। टिहरी देश-प्रदेश को बिजली-पानी देने में अहम भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया, नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई और रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों, रक्तदाताओं और महिला एवं बाल विकास विभाग की लाभार्थी प्रियंका, नफीसा, शिवानी व शशि को महालक्ष्मी किट देकर सम्मानित किया गया।
युवा कल्याण विभाग ने डिजिटल युवा महोत्सव-2026 के विजेताओं को पुरस्कृत किया। स्वास्थ्य विभाग ने निशुल्क ओपीडी, जांच व आयुष्मान कार्ड, समाज कल्याण ने पेंशन व दिव्यांग प्रमाण-पत्र, राजस्व ने यूसीसी पंजीकरण सहित अन्य विभागों ने सेवाएं दीं।
इस अवसर पर दर्जाधारी राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, सोबनी धनौला, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments