

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए दून पुलिस द्वारा लगातार धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सेलाकुई और कोतवाली डोईवाला पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है।
थाना सेलाकुई पुलिस ने 18 सितंबर 2026 की शाम रूटीन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर सारना के पास सहसपुर की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की टोयोटा एटीओस टैक्सी कार (PB01C-0837) को रोककर तलाशी ली। कार की डिग्गी से चंडीगढ़ मार्का अवैध अंग्रेजी शराब की 11 पेटियां, जिनमें कुल 126 बोतलें थीं, बरामद की गईं। इस बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.32 लाख रुपये बताई गई है। मौके से पुलिस ने कार चालक अनिल सिंह (44 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय दिनेश सिंह, निवासी मोहाली, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब में टैक्सी चलाता है और चंडीगढ़ से शराब लाकर पौड़ी गढ़वाल में एक शादी समारोह में सप्लाई करने जा रहा था। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सेलाकुई शैंकी कुमार, अपर उपनिरीक्षक उमेद असवाल, और कांस्टेबल सुधीर व संजीत कुमार शामिल रहे।
दूसरी ओर, कोतवाली डोईवाला पुलिस ने 16 सितंबर 2026 को हिमालयन चौक जौलीग्रांट स्थित ‘ग्लोबल मोबाइल स्टोर’ में हुई नकबजनी की घटना का सफल खुलासा करते हुए गिरोह के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित गौरव राठौर की शिकायत पर मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय तंत्र की मदद से जांच शुरू की। 18 सितंबर 2026 को सौंग नदी पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट लगी एक वरना कार (HR71F-6756) को रोका, जिसमें सवार शैफुल रहमान (22 वर्ष), फरीद (19 वर्ष) और इजहार (19 वर्ष) – तीनों निवासी खेलपुर नसरूलापुर, हरिद्वार (हाल निवासी मोहब्बेवाला, देहरादून) को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी किए गए 18 की-पैड और 5 स्मार्ट मोबाइल फोन समेत कुल 23 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने महंगे शौक और नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने पहले दुकान की रेकी की और फिर ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पकड़े जाने से बचने के लिए उन्होंने कार की नंबर प्लेटें हटा दी थीं। आरोपियों में शामिल इजहार पूर्व में भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त वरना कार को सीज कर दिया है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में जौलीग्रांट चौकी प्रभारी चिंतामणि मैठानी, मुख्य आरक्षी नरेंद्र रावत, आरक्षी सचिन राणा, दिनेश डोगरा तथा एसओजी टीम के नवनीत, सोनी कुमार व मनोज कुमार शामिल रहे।

Recent Comments