देहरादून की बदहाल सड़कों और जलभराव पर कांग्रेस का PWD पर वार, मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन

देहरादून । देहरादून शहर की जर्जर सड़कों, बदहाल नालियों और जलभराव की समस्या को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए इन समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग उठाई। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रितेश छेत्री के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, उत्तराखंड, देहरादून को ज्ञापन सौंपकर सड़कों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।

कांग्रेस सचिव रितेश छेत्री ने कहा कि देहरादून शहर के कई प्रमुख मार्गों और संपर्क मार्गों की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। जगह-जगह सड़कें क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे आम जनता की मुश्किलें बढ़ जाती हैं।

ज्ञापन में मांग की गई कि देहरादून शहर की टूटी और जर्जर सड़कों का तत्काल सर्वे कराकर प्राथमिकता के आधार पर स्थायी मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही सड़कों के किनारे स्थित नालियों और नालों की नियमित सफाई तथा प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर उनके स्थायी समाधान की मांग की। साथ ही आवश्यकता वाले स्थानों पर नई ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने और क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत कराने की मांग भी रखी गई।

ज्ञापन में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच, निर्माण कार्यों में पारदर्शिता तथा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि कहीं घटिया निर्माण सामग्री अथवा अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

रितेश छेत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े निर्माण और मरम्मत कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। प्रत्येक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा होना चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की लागत, समय-सीमा और गुणवत्ता से संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी की।

उन्होंने कहा कि देहरादून प्रदेश की राजधानी है और राजधानी की सड़क, जल निकासी तथा बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहतर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई करने और की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि बरसात के दौरान जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कों और नालियों की तत्काल मरम्मत एवं सफाई कराए जाने के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समयबद्ध कार्रवाई की आवश्यकता है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संजय शर्मा, गरिमा मेहरा दसौनी, राजेश शर्मा, जगदीश धीमान, अनुराग गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, अनिल नेगी, कासिम चौधरी, पीयूष जोशी, राम किशोर बघेल, मुकेश अरोरा, स्वाति नेगी, राजीव प्रजापति, रहमान, वंश, कामिनी, माही जेटली और समीर सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments