कॉस्मेटिक की दुकान से चल रहा था नशे का काला कारोबार! STF ने दबोचा शातिर तस्कर, बड़े नेटवर्क की जांच शुरू

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हरिद्वार के कलियर क्षेत्र में कॉस्मेटिक की दुकान की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई करने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से वाणिज्यिक मात्रा में कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपी का संबंध पहले बरामद किए गए 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल के मामले से भी सामने आया है।

एसटीएफ के अनुसार मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान और पुलिस महानिदेशक के निर्देशों पर राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ/एएनटीएफ की टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ मिलकर थाना कलियर क्षेत्र के कई संदिग्ध ठिकानों और गोदामों पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर पर कार्रवाई की गई, जहां से संचालक अहतशाम उल हक पुत्र शहीद, निवासी बुड्ढा हैदी, थाना पथरी, हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके कब्जे से करीब 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप तथा प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी इन दवाओं को बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था।

एसटीएफ और ड्रग विभाग की टीम ने आरोपी से जुड़े अन्य संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में भी नशीली दवाओं की तस्करी के दो मुकदमे दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी का हिस्सा न बनें। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ एसटीएफ का अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की तस्करी या बिक्री की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस या एसटीएफ को दें।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments