

सहिया, देहरादून। शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सहिया में सेवा पखवाड़े के तहत एक वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री प्रवीण चौहान तथा ग्राम प्रधान नेवी वीरेन्द्र सिंह व अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष संजय शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। शिविर में 211 लोगों ने पंजीकरण कराकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सीय परामर्श के साथ-साथ शिविर में नैदानिक जांच की भी व्यवस्था की गई थी। जिसके अंतर्गत फिजिशियन द्वारा 56 मरीजों, बाल रोग विशेषज्ञ द्वारा 31 मरीजों, नेत्र रोग विभाग द्वारा 36 मरीजों, कान-नाक-गला विभाग द्वारा 26 मरीजों, स्त्री रोग विभाग द्वारा 26 मरीजों, हड्डी रोग विभाग द्वारा 18 मरीजों और सर्जन द्वारा 11 मरीजों की जांच की गई। 112 लोगों की रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच करायी गयी, 35 किशोरियों को स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया गया। 22 लोगों की रक्तजांच, 8 लोगों के अल्ट्रासाउण्ड, 26 लोगों के एक्सरे किये गये।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 विक्रम सिंह, विशेषज्ञ चिकित्सक खुशबू, डॉ. संजीव कुमार, डॉ0 उमंग नौटियाल, डॉ. पल्लवी, डॉ. महेंद्र सिंह राय, डॉ0 एन.एच. चौहान, डॉ. पोखरिया, श्री संजय, अधीक्षक डॉ. विम बिष्ट, फार्मासिस्ट श्री आजाद, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ0 सरिता आदि द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से क्षेत्रवासियों को एक ही स्थान पर सभी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से काफी राहत मिली और स्थानीय निवासियों ने सरकार व स्वास्थ्य विभाग के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की।

Recent Comments