आत्मनिर्भरता की ओर कदम, 211 महिलाओं को मिलेगी सरकारी आर्थिक मदद

देहरादून।  राज्य की 211 चयनित एकल महिलाओं को स्वरोजगार योजना के तहत जल्द ही वित्तीय सहायता राशि जारी की जाएगी। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने  यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक के बाद मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि एकल महिला स्वरोजगार योजना के अंतर्गत अब तक 484 महिलाओं को प्रथम किस्त की धनराशि जारी की जा चुकी है, जिनमें से अधिकांश महिलाओं ने अपना स्वरोजगार शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि शेष 211 लाभार्थी महिलाओं को भी शीघ्र धनराशि वितरित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री से समय देने का अनुरोध किया गया है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एकल महिला स्वरोजगार योजना की विज्ञप्ति अगस्त माह तक जारी कर आवेदन आमंत्रित किए जाएं। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में 2000 महिलाओं को इस योजना का लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बैठक में आगामी 8 अगस्त को महिला दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान तीलू रौतेली पुरस्कार एवं आंगनबाड़ी सम्मान पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। मंत्री ने बताया कि दोनों पुरस्कारों के लिए विज्ञप्ति जारी की जा चुकी है तथा अधिकारियों को चयन प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, मोहित चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि नंदा गौरा योजना के अंतर्गत हरिद्वार और उत्तरकाशी जिले की 4000 से अधिक बालिकाएं आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी न होने के कारण अब तक लाभ से वंचित रह गई थीं। इन सभी पात्र बालिकाओं के बैंक खातों में गुरुवार को 19 करोड़ 22 लाख 78 हजार रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments