निर्माणाधीन मकान से बिजली तार चोरी करने वाला आरोपी दबोचा, चोरी का सामान बरामद

विकासनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एसएसपी के निर्देश पर ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गिरफ्तारी; आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

देहरादून । एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत विकासनगर पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से बिजली फिटिंग की तार चोरी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 25 मई 2026 की रात वादी वीरेन्द्र सिंह, निवासी फतेहपुर थाना सहसपुर, ने विकासनगर थाना पुलिस को सूचना दी कि उनके ढालीपुर फार्म हाउस में चल रहे निर्माण कार्य स्थल से बिजली फिटिंग की तार चोरी कर ली गई है। शिकायत में कुल्हाल क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति पर चोरी का आरोप लगाया गया।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी हरबर्टपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शिकायतकर्ता व स्थानीय लोगों की सहायता से आरोपी को घटनास्थल के पास से ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशिक पुत्र सलीम, निवासी ग्राम कुंजाग्रांट, कोतवाली विकासनगर, उम्र 40 वर्ष, के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई बिजली फिटिंग की तार का एक बंडल बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 161/2026 के तहत धारा 303(2)/317(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह पहले भी चोरी और गोकशी जैसे मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ विकासनगर थाने में वर्ष 2014, 2019, 2025 और 2026 में अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments