- जन समस्याओं का मौके पर समाधान, हजारों लोगों को मिला लाभ
देहरादून, 20 मार्च 2025 (आरएनएस ) – उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित “प्रशासन जनता के द्वार” कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में गुरुवार को दूरस्थ क्षेत्र त्यूनी में भव्य बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। यह पहली बार था जब इस तरह का ऐतिहासिक शिविर त्यूनी में आयोजित किया गया, जिससे हजारों ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिला।
मौके पर ही 173 में से अधिकांश समस्याओं का निस्तारण
शिविर में 1455 से अधिक लोग पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को प्रशासन के समक्ष रखा। कुल 173 जन समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए गए। शिविर देर शाम 6:00 बजे तक चला, जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर जनता को सेवाएं प्रदान कीं।

महत्वपूर्ण समाधान और घोषणाएं
- 20 वर्षों से लंबित कृषि भूमि मुआवजे का समाधान – एक फरियादी, जो पिछले 20 वर्षों से अपने कृषि भूमि मुआवजे के लिए भटक रहा था, को 7 दिनों के भीतर निस्तारण का आश्वासन मिला।
- फनार निवासी दुर्गा देवी का 17 हजार रुपये का बिजली बिल माफ – रायफल फंड से भुगतान कर राहत दी गई।
- ग्राम पंचायत सारनी की पेयजल समस्या का समाधान – जिलाधिकारी ने एक सप्ताह में क्षतिपूर्ति मुआवजा देने के निर्देश दिए, अन्यथा संबंधित अधिकारी के खिलाफ FIR दर्ज करने की चेतावनी दी।
- अणु चिलवाड मोटर मार्ग पर 20 वर्षों से लंबित मुआवजा प्रकरण – सीडीओ को एसडीएम और लोनिवि अधिकारियों संग बैठक कर तत्काल समाधान करने के निर्देश।
- राइका भटाड में बच्चों के लिए आवासीय भवन – मुख्य विकास अधिकारी को खनिज न्यास में प्रस्ताव भेजने के निर्देश।
- एसएचजी महिलाओं के लिए टिन शेड निर्माण – मनरेगा से निर्माण हेतु निर्देशित किया गया।
- त्यूनी में आशा कार्यकर्ताओं के लिए ‘आशा घर’ निर्माण को स्वीकृति – जिला योजना से बजट दिया जाएगा।
- 02 अनाथ बच्चों को 4,000 रुपये प्रतिमाह स्पॉन्सरशिप स्कीम से लाभान्वित किया गया।
- 02 दिव्यांगजनों को मौके पर ही व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी गई।

हजारों ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ
596 से अधिक लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई।
27 दिव्यांग प्रमाण पत्र व 125 आयुष्मान कार्ड मौके पर जारी किए गए।
65 लोगों की ENT जांच की गई।
50 पशुपालकों को निःशुल्क दवा वितरित व 90% सब्सिडी पर 6.75 लाख का ऋण स्वीकृत।
कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा 120 किसानों को औजार, बीज व कीटनाशक वितरित।
समाज कल्याण विभाग द्वारा 22 वृद्धावस्था, 02 विधवा, 04 दिव्यांग पेंशन स्वीकृत।
राजस्व विभाग ने 11 आय प्रमाण पत्र व 01 चरित्र प्रमाण पत्र जारी किए।
35 नए आधार कार्ड बनाए गए, जबकि 120 कार्डों का अपडेशन हुआ।
ई-डिस्ट्रिक्ट स्टाल पर 20 राशन कार्ड संबधी समस्याओं का समाधान हुआ।
श्रम विभाग ने 53 श्रमिक कार्ड जारी किए।
दिव्यांग पुनर्वास केंद्र ने 18 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, स्टिक व अन्य उपकरण वितरित किए।
बाल विकास विभाग ने 10 किशोरियों, 15 धात्री व गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार किट दी।

जनता ने जताया आभार, प्रशासनिक अधिकारियों की सराहना
इस ऐतिहासिक शिविर में स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की तत्परता और पारदर्शिता की सराहना करते हुए जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी शिविर में इतनी बड़ी संख्या में समस्याओं का समाधान तत्काल हुआ है।
प्रमुख अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
शिविर में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा, एसडीएम योगेश मेहरा, डीडीओ सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

“जन विश्वास को बनाए रखना हमारी प्राथमिकता” – जिलाधिकारी
शिविर के समापन पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुरूप प्रशासन जनता तक पहुंच रहा है, ताकि कोई भी सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित शिविर लगाकर जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए।
त्यूनी में पहली बार आयोजित इस विशाल बहुउद्देशीय शिविर ने प्रशासन व जनता के बीच विश्वास की एक नई मिसाल कायम की। हजारों ग्रामीणों को लाभ पहुंचाने वाला यह शिविर सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।


Recent Comments