देहरादून,20मार्च 2025(आरएनएस )भाजपा उत्तराखंड सरकार के तीन साल पूरे होने पर सेवा सुशासन पर्व मनाएगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों की बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी 22 से 30 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी, जिसमें सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में बनी रूपरेखा
प्रदेश मुख्यालय में आयोजित वर्चुअल बैठक में 23 मार्च को धामी सरकार के वर्तमान कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। पार्टी कार्यकर्ता, सरकार के साथ समन्वय बनाते हुए 22 से 30 मार्च तक होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित कराएंगे।
जन समस्याओं का हो तत्काल समाधान: भट्ट
प्रदेश अध्यक्ष श्री भट्ट ने कहा, “हम सभी को मिलकर सेवा सुशासन के ऐसे तमाम कार्यक्रमों को ब्लॉक स्तर तक ले जाते हुए भव्य स्वरूप देना है। जिसके लिए प्रत्येक विधायक, दायित्वधारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि अपने-अपने क्षेत्र में जहां भी ऐसे कार्यक्रम हो वहां जनता की पूर्ण सहभागिता हो। इसके पीछे हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि अधिक से अधिक जन समस्याओं का हाल तत्काल ऐसे कार्यक्रमों में हो। ताकि एक सकारात्मक और रचनात्मक सरकार का संदेश नीचे तक जाए।”
विकास और जनकल्याण के नए आयाम: संगठन महामंत्री
प्रदेश महामंत्री संगठन श्री अजय कुमार ने कहा, “इन तीन सालों में हमारी सरकार ने विकास और जनकल्याण के नए-नए आयाम खड़े किए हैं। लिहाजा सरकार स्थापना पर होने वाले कार्यक्रमों में पार्टी की सक्रियता से जनता की सहभागिता बढ़ाना अब हम सबकी जिम्मेदारी है।”
आयोजन की रूपरेखा
- 22 मार्च को अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री शिरकत करेंगे।
- 23 मार्च को देहरादून में 5 विधानसभा के संयुक्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिरकत करेंगे।
- देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में विधानसभा स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
- शेष जनपदों में विकासखंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
- 24 से 30 मार्च के मध्य सभी ब्लॉकों में बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन होगा।
जन सहभागिता पर जोर
पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और जन सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

Recent Comments