देहरादून। उत्तराखंड में रहने वाले लोगों के मोबाइल फोन पर जल्द ही एक खास तरह का अलर्ट सुनाई देगा, जिसे देखकर या सुनकर घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। दरअसल, यह कोई वास्तविक आपदा चेतावनी नहीं बल्कि एक टेस्टिंग अलर्ट है, जिसे राज्य को भविष्य की आपदाओं के लिए और अधिक तैयार बनाने के उद्देश्य से जारी किया जा रहा है।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA), देहरादून द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), भारत सरकार, नई दिल्ली के सहयोग से राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 02 मई 2026 को पूरे राज्य में सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम (CBS) के माध्यम से एक Testing Alert जारी किया जाएगा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में किसी भी संभावित आपदा—चाहे वह भूकंप हो, बाढ़ हो या भूस्खलन—की स्थिति में सटीक और समयबद्ध सूचना सीधे आम जनता तक पहुंच सके। इससे लोगों को पहले से सतर्क किया जा सकेगा और जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
यह परीक्षण राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं (TSPs) के जरिए किया जाएगा, ताकि यह आकलन किया जा सके कि अलर्ट संदेश कितनी तेजी और प्रभावशीलता से लोगों तक पहुंच रहा है। साथ ही, यह भी जांचा जाएगा कि किन क्षेत्रों में इस प्रणाली को और बेहतर बनाने की जरूरत है।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक परीक्षण है, इसलिए अगर आपके मोबाइल पर कोई अलर्ट आता है या तेज आवाज सुनाई देती है तो घबराने की जरूरत नहीं है। इसे गंभीर आपदा चेतावनी समझने की भूल न करें।
हालांकि, भविष्य में यदि कोई वास्तविक आपदा अलर्ट जारी किया जाता है, तो उसे गंभीरता से लेना बेहद जरूरी होगा और प्रशासन द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का कहना है कि इस तरह के परीक्षण और जागरूकता अभियानों के माध्यम से उत्तराखंड को एक सतर्क, सुरक्षित और सक्षम राज्य बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
याद रखें:
आज का यह अलर्ट सिर्फ एक अभ्यास है… लेकिन कल यही अलर्ट आपकी और आपके परिवार की जिंदगी बचा सकता है!

Recent Comments