देहरादून। राजधानी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देशन में पुलिस ने रायवाला क्षेत्र में हुई चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नशे के खिलाफ अभियान में सहसपुर और क्लेमेंट टाउन पुलिस ने चरस और अवैध शराब के साथ दो तस्करों को भी जेल भेजा है।
बंद घरों की रैकी कर देते थे चोरी को अंजाम
रायवाला पुलिस की गिरफ्त में आए शातिर चोर बॉबी टम्टा (ऋषिकेश) और जय सिंह कुशवाहा (सम्भल, उ0प्र0) बंद घरों को अपना निशाना बनाते थे। पुलिस के अनुसार, इन अभियुक्तों ने पिछले 10 दिनों के भीतर छिद्दरवाला क्षेत्र में विवेक सिंह, देवेंद्र सिंह नेगी और कविता रतूड़ी के घरों के ताले तोड़कर नकदी, जेवरात और लैपटॉप उड़ा लिए थे।
पूछताछ में खुलासा: अभियुक्त इतने शातिर हैं कि चोरी करने के बाद तुरंत दिल्ली या अन्य राज्यों में भाग जाते थे। वे दोबारा देहरादून चोरी के इरादे से आए थे, लेकिन पुलिस की सघन चेकिंग के कारण पकड़े गए। इनके कब्जे से चोरी का लैपटॉप, मोबाइल, डिजिटल घड़ी और नकदी बरामद की गई है।
ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन: 179 ग्राम चरस के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
सहसपुर पुलिस ने ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन’ के तहत कार्रवाई करते हुए सभावाला क्षेत्र से मौ0 अबुजर को 179 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास है; उसके विरुद्ध विकासनगर और सहसपुर थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस के आधा दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं।

क्लेमेंट टाउन में अवैध शराब बरामद
ऑपरेशन प्रहार के ही तहत क्लेमेंट टाउन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छोटा भारुवाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सुनील पुत्र मामचंद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्त के पास से 56 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब (माल्टा) बरामद की है।
एसएसपी की सख्त चेतावनी
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध और नशे के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सत्यापन अभियान और रात्रि गश्त तेज करने के निर्देश दिए हैं ताकि आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Recent Comments