
देहरादून,15अप्रैल 2025 : उत्तराखंड पुलिस, जो हमेशा सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर रहती है, ने एक बार फिर मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। दून पुलिस के एक जवान ने कैंसर से जूझ रही एक महिला को तत्काल प्लेटलेट्स दान कर न केवल उसकी जान बचाने में मदद की, बल्कि पुलिस के मानवीय चेहरे को भी उजागर किया है।
घटना 13 अप्रैल, 2025 की है, जब व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना मिली कि कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून में भर्ती एक कैंसर पीड़ित महिला को प्लेटलेट्स की urgent आवश्यकता है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएसपी ऑफिस देहरादून में तैनात कांस्टेबल शाहनवाज तुरंत अस्पताल पहुंचे और स्वेच्छा से रक्त (प्लेटलेट्स) दान किया।
यह पहली बार नहीं है जब कांस्टेबल शाहनवाज ने इस प्रकार का नेक कार्य किया है। उन्होंने इससे पहले भी 79 बार रक्तदान किया है, जिससे यह उनका 80वां रक्तदान है। उनका यह निस्वार्थ सेवाभाव न केवल उत्तराखंड पुलिस के मानवीय मूल्यों को दर्शाता है, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
उपचाराधीन महिला के परिजनों ने कांस्टेबल शाहनवाज के इस मानवीय कार्य की जमकर सराहना की और उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में पुलिस का यह सहयोग उनके लिए अनमोल है।
दून पुलिस का यह कार्य यह साबित करता है कि वे न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी सर्वोपरि रखते हैं। कांस्टेबल शाहनवाज जैसे जवानों की वजह से पुलिस विभाग पर लोगों का विश्वास और मजबूत होता है।

Recent Comments