

देहरादून। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) से संबद्ध आंगनवाड़ी कार्यकत्री सेविका कर्मचारी यूनियन की बैठक मंगलवार को कांवली रोड स्थित सीटू कार्यालय में प्रांतीय अध्यक्ष जानकी चौहान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में मांगों को लेकर 15 सितंबर से आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया।
पदाधिकारियों ने कहा कि 3 मार्च 2024 को हुए आंदोलन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंगनवाड़ी, आशा व भोजन माताओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर मानदेय बढ़ाने के लिए हाईपावर कमेटी बनाने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक मानदेय में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। इस पर नाराजगी जताते हुए पदाधिकारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
बैठक में तय किया गया कि पहले चरण में 15 सितंबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन होगा। इसके बाद 17 सितंबर से ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए जाएंगे। अंतिम चरण में राज्य सचिवालय पर महा पड़ाव डाला जाएगा।
बैठक में सीटू के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र सिंह नेगी, जिला महामंत्री लेखराज, आंगनवाड़ी यूनियन की कार्यकारी अध्यक्ष जानकी रावत, महामंत्री चित्रकला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, ज्योतिका पाण्डेय, महिला समिति अध्यक्ष माला गुरुंग, सुनीता रावत आदि मौजूद रहे।

Recent Comments