
देहरादून । साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर उत्तराखण्ड पुलिस का प्रतिरूपण कर भ्रामक सामग्री फैलाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी “Uttarakhand_police__112” के जरिए न केवल पुलिस की छवि का दुरुपयोग कर रहा था, बल्कि एआई/डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का फर्जी वीडियो बनाकर वायरल कर चुका था।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर क्राइम थाने में इस संबंध में मु0अ0सं0 37/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66(सी) में अभियोग पंजीकृत किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों, विशेषकर मेटा, से तकनीकी जानकारी जुटाई। डेटा विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर क्लेमेन्टाउन क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान लुकमान मलिक (20 वर्ष) निवासी मोरोवाला, क्लेमेन्टाउन, देहरादून के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उत्तराखण्ड पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी की फोटो का एआई/डीपफेक तकनीक से वीडियो तैयार किया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उसने यह भी बताया कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर फोटो और वीडियो बनाता था, जिससे लोगों पर प्रभाव जमाया जा सके और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल कर आर्थिक लाभ कमाया जा सके।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसमें उक्त फर्जी इंस्टाग्राम आईडी लॉग-इन पाई गई। मोबाइल की जांच में एआई से तैयार वीडियो, पुलिस वर्दी में फोटो और फर्जी पुलिस पहचान पत्र से संबंधित सामग्री भी मिली है। इसके अलावा आरोपी के घर से पुलिस जैसी वर्दी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा लोक सेवक का प्रतिरूपण, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट संचालन और एआई तकनीक के दुरुपयोग से भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। बरामद सामग्री को सीज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की भ्रामक और फर्जी सामग्री से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Recent Comments