शराब के नशे में अधिकारी से अभद्रता, नगर निगम ने आउटसोर्स कर्मचारी की सेवा तत्काल समाप्त की

देहरादून। नगर निगम प्रशासन ने कार्यालय अनुशासन भंग करने और अधिकारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार करने के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए एक आउटसोर्स कर्मचारी की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। यह कार्रवाई नगर आयुक्त की स्वीकृति के बाद की गई।

नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार, आउटसोर्स एजेंसी आर.के. एसोसिएशन के माध्यम से कार्यरत कर्मचारी उपेन्द्र थापा पहले निगम के रिकॉर्ड रूम में तैनात था, जिसे हाल ही में एसआईआर (SIR) शाखा में तैनात किया गया था। निगम सूत्रों का कहना है कि संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध पूर्व में भी बिना सूचना अनुपस्थित रहने और कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने की शिकायतें मिलती रही थीं।

बताया गया है कि बुधवार को कर्मचारी कथित रूप से शराब के नशे में सहायक नगर आयुक्त के कार्यालय पहुंच गया और वहां उसने अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उसके आचरण से कार्यालय के नियमित शासकीय कार्य प्रभावित हुए और कुछ समय के लिए असहज स्थिति उत्पन्न हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम प्रशासन सक्रिय हुआ और पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार और कार्यालय अनुशासन भंग करने को गंभीर कदाचार मानते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित आउटसोर्स कर्मचारी की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करने, अनुशासनहीनता फैलाने अथवा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि कार्यालयों में अनुशासन, कार्यसंस्कृति और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी प्रकार की ढिलाई या समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments