
देहरादून। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के देहरादून शाखा कार्यालय ने आज होटल रीजेंटा में “मशीनरी और विद्युत उपकरण सुरक्षा” विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम ‘मानक मंथन’ का सफल आयोजन किया। इसका उद्देश्य उद्योगों में सुरक्षा मानकों के महत्व को बढ़ावा देना था।
देहरादून के मेयर, सौरभ थपलियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में गुणवत्ता और सुरक्षा को एक दूसरे से अविभाज्य बताया और उद्योगों से उच्च गुणवत्ता मानकों को अपनाने का आग्रह किया।
बीआईएस देहरादून के प्रमुख, सौरभ तिवारी ने स्वागत भाषण में बीआईएस की विभिन्न प्रमाणन योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये योजनाएं उद्योगों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का पालन करने में मदद कर रही हैं।
कार्यक्रम में भारी उद्योग मंत्रालय के उप सचिव, गौरव जोशी ने वर्चुअल माध्यम से कहा कि इन नियामकों का उद्देश्य उद्योगों को आसानी से सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराना है।
तकनीकी सत्र का संचालन मशीन सुरक्षा विशेषज्ञ, समीर कंचन ने किया। उन्होंने मशीनरी सुरक्षा नियमों, अंतरराष्ट्रीय मानकों और बीआईएस की लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों के सवालों के जवाब भी दिए।
इस कार्यक्रम में उद्योग प्रतिनिधियों, संघों, प्रयोगशालाओं और छात्रों सहित 100 से अधिक लोगों ने भाग लिया। यह ‘मानक मंथन’ हितधारकों के लिए सुरक्षा मानकों, नियमों और तकनीकी विनियमन की भूमिका को समझने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।

Recent Comments