
‘डबल इंजन’ में डबल मापदंड! भाजपा को छूट, कांग्रेस पर सख्ती : गोदियाल
देहरादून।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नगर निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के साथ खुलेआम दोहरा व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे का हवाला देते हुए कहा कि जहाँ एक ओर शहर भर में भाजपा के पोस्टर-बैनर बेरोकटोक लगाए गए, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारियों ने बैनर जबरन हटवा दिए।
गोदियाल ने तीखे स्वर में कहा, “सत्ता के इशारे पर काम करने वाले अधिकारी यह न भूलें कि जनता की नजरें उन पर टिकी हैं। लोकतंत्र में सभी दलों के साथ समान व्यवहार होना संवैधानिक दायित्व है, न कि कोई एहसान।”
उन्होंने चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि इस प्रकार की दोहरी नीति किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता इस पक्षपातपूर्ण रवैये को भली-भाँति देख और समझ रही है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के दौरान देहरादून के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर बड़े पैमाने पर प्रचार सामग्री लगाई गई थी, जबकि उसी दौरान कांग्रेस के कार्यक्रम में इसी प्रकार के बैनर प्रशासन द्वारा हटाए गए — जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।

Recent Comments