
हरिद्वार । जनपद में प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने उपजिलाधिकारियों के दायित्वों में आंशिक संशोधन करते हुए महत्वपूर्ण फेरबदल किए हैं। यह बदलाव शासन के निर्देशों के क्रम में किए गए हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों में गति और समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पी.आर. चौहान, जिनका स्थानांतरण जनपद पौड़ी के लिए हुआ है, को उनके वर्तमान दायित्वों से कार्यमुक्त कर दिया गया है। वहीं उपजिलाधिकारी पद से पदोन्नत हुए जितेंद्र कुमार ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
इसके अतिरिक्त प्रशासनिक स्तर पर अन्य महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए डिप्टी कलेक्टर (मुख्यालय) हरगिरि को नगर मजिस्ट्रेट का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। साथ ही उन्हें अपर उपजिलाधिकारी रुड़की के पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है।
उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी को अपर उपजिलाधिकारी रुड़की का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है, जिससे रुड़की क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनी रहे।
इसी क्रम में देहरादून से स्थानांतरित होकर आए उपजिलाधिकारी योगेश सिंह मेहरा को उपजिलाधिकारी हरिद्वार के पद पर तैनात किया गया है। उनके अनुभव का लाभ हरिद्वार क्षेत्र के प्रशासनिक कार्यों में मिलने की उम्मीद जताई गई है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया कि सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Recent Comments