

देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देहरादून दौरे पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को राहुल गांधी से कोई डर नहीं है, बल्कि आम कांग्रेसी कार्यकर्ता ही उनसे डरा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पीछे अब तक एक मिथक जुड़ा हुआ है और यही असली वजह है।
भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी देहरादून आए तो न युवा उनकी बात समझ पाए और न ही वह युवाओं को समझा पाए। पेपर लीक के मुद्दे पर युवाओं को भ्रमित करने की कोशिश की गई, लेकिन कार्यक्रम में युवा नहीं पहुंचे और जो पहुंचे भी उन्होंने फौरन वहां से कूच करना बेहतर समझा।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां पेपर लीक के मामले सामने आए वहां पारदर्शिता से दोबारा परीक्षा कराई गई। उत्तराखंड की बात करें तो दरोगा और पटवारी भर्ती घोटालों की शुरुआत कांग्रेस के कार्यकाल में हुई थी। सरकारी विभागों में नौकरी बेचने का काम भी उसी समय हुआ। इसी वजह से सीएम पुष्कर सिंह धामी कड़ा नकल विरोधी कानून लेकर आए, जो आज दूसरे राज्यों के लिए भी मिसाल बना है।
धर्मस्थलों में अनियमितता के कांग्रेस के आरोपों को भट्ट ने दिखावा बताया। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ में दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और जांच जारी है। अयोध्या में भी एसआईटी ने लगभग एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है। राम को काल्पनिक बताने और सनातन पर सवाल उठाने वाले लोग धर्मस्थलों की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसकी कीमत उन्हें चुकानी पड़ेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में माफिया तंत्र को खत्म करने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति और कड़े कानून लागू हैं। कांग्रेस सरकार में खनन माफिया सरकार के संरक्षण में काम करते थे, लेकिन अब खनन राजस्व का स्रोत बना है। कांग्रेस चाहे जितना दुष्प्रचार कर ले, जनता उनकी नीयत जानती है और समय आने पर सबक सिखाएगी।

Recent Comments