
देहरादून, 21 अगस्त। उत्तराखंड के पौड़ी जिले के एक युवा जितेंद्र नेगी की आत्महत्या के मामले में कांग्रेस ने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी हिमांशु चमोली पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उत्तराखंड कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएँ जताई हैं।
एक प्रेस नोट जारी कर विकास नेगी ने कहा कि जितेंद्र नेगी की आत्महत्या की खबर से पूरा उत्तराखंड शोक में है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह दर्दनाक घटना भाजपा नेता हिमांशु चमोली द्वारा किए गए मानसिक उत्पीड़न के कारण हुई है। नेगी ने इसे केवल एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे समाज का मुद्दा बताया।
कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच CBI से कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि जाँच में जो भी दोषी पाया जाए, उस पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
विकास नेगी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस मामले में जल्द और निष्पक्ष जाँच की घोषणा नहीं की गई तो उत्तराखंड कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ एक उग्र आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगी।

Recent Comments