
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का दून पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस हत्याकांड में कोई बाहरी हमलावर नहीं, बल्कि मृतक का सगा छोटा भाई ही कातिल निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 14 जून की रात भुड्डी गांव में सोहेल हारून (निवासी भुड्डी) को गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। शुरुआती जानकारी में इसे घर में घुसकर अज्ञात हमलावर द्वारा की गई हत्या बताया गया था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें कोई बाहरी व्यक्ति घर में प्रवेश करता नहीं दिखा। वहीं, घर के भीतर से एक देशी पिस्टल बरामद होने और छोटे भाई शाहिद की संदिग्ध भूमिका ने पुलिस का शक गहरा दिया।
सख्ती से पूछताछ में आरोपी शाहिद हारून (21 वर्ष) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह नशे का आदी है और महंगे शौक पूरे करने के लिए अक्सर घर से पैसे लेता था। कुछ दिन पहले उसने अपने पिता के खाते से चोरी-छिपे करीब 10 लाख रुपये निकालकर खर्च कर दिए थे। इस बात को लेकर बड़े भाई सोहेल ने उसकी पिटाई की थी, जिससे आक्रोशित होकर उसने हत्या की योजना बनाई।

आरोपी ने दो दिन पहले ही घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी थी और मौका मिलते ही अपने भाई को गोली मार दी। हत्या के बाद उसने पिस्टल को बाथरूम में छिपा दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावर की झूठी कहानी गढ़ी।
इतना ही नहीं, आरोपी ने ग्रामीणों को उकसाकर शव को देहरादून-पांवटा हाईवे पर रखकर जाम भी लगवाया, ताकि पुलिस का ध्यान भटकाया जा सके और खुद को पीड़ित साबित किया जा सके। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सहित अन्य लोगों के खिलाफ अलग से मुकदमा भी दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद की है। मामले का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली पटेलनगर और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही।
यह घटना न सिर्फ पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती दरार की भयावह तस्वीर पेश करती है, बल्कि नशे और गलत आदतों के खतरनाक अंजाम को भी उजागर करती है।

Recent Comments