कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज द्वारा ‘गोदान’ फिल्म पोस्टर का भव्य लॉन्च, बदरी-केदार अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी रहे मौजूद

गौ-संरक्षण पर बनी फिल्म 6 फरवरी को होगी रिलीज

देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री तथा पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने गौमाता पर आधारित आगामी हिंदी फीचर फिल्म “गोदान” का पोस्टर लॉन्च किया। यह कार्यक्रम देहरादून के सुभाष रोड स्थित उनके कैंप कार्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाराज ने फिल्म के विषय की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि गौमाता में सनातन धर्म की आत्मा बसती है और ऐसी फिल्में भारतीय संस्कृति, परंपराओं तथा गौ-संरक्षण के महत्व को समाज के सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने फिल्म को एक सकारात्मक संदेश देने वाला माध्यम बताया, जो गौ-माता के प्रति श्रद्धा, करुणा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देगी।

श्री महाराज ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि गौहत्या जैसे अपराधों में संलिप्त लोग इस फिल्म को देखें, तो उनके विचारों में अवश्य परिवर्तन आएगा। उन्होंने बताया कि इस फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड की रमणीय वादियों के साथ-साथ नोएडा, मथुरा और मुंबई के विभिन्न स्थलों पर की गई है। फिल्म को प्रभावशाली बनाने के लिए इसमें कई वास्तविक घटनाओं को भी शामिल किया गया है। ‘गोदान’ मनोरंजन के साथ-साथ एक गंभीर सामाजिक और आध्यात्मिक संदेश लेकर आ रही है।

इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने फिल्म के प्रयास को सराहा और कहा कि यह गौ-संरक्षण तथा सनातन मूल्यों के प्रचार-प्रसार में सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम में फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकार तथा अन्य टीम सदस्य भी शामिल हुए।

फिल्म “गोदान” कामधेनु इंटरनेशनल प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही है। इसका निर्देशन विनोद चौधरी ने किया है। यह फिल्म पूरी तरह से गौमाता को समर्पित है, जिसमें आध्यात्मिक, सांस्कृतिक तथा सामाजिक पहलुओं को भावनात्मक ढंग से दर्शाया गया है। फिल्म में प्रमुख भूमिकाओं में मनोज जोशी, उपासना सिंह, साहिल आनंद आदि कलाकार नजर आएंगे।

फिल्म का टीजर, गीत और पोस्टर पहले विभिन्न स्थानों पर लॉन्च हो चुके हैं, लेकिन देहरादून में सतपाल महाराज द्वारा यह लॉन्च विशेष महत्व रखता है। फिल्म की कुल लागत लगभग 40 करोड़ रुपये बताई जा रही है और यह 6 फरवरी 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

कार्यक्रम में श्री बद्रीनाथ-श्री केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विश्व संवाद केंद्र के प्रबंधक सुरेंद्र मित्तल, कामधेनु गौशाला समिति की सदस्य मनिका शर्मा सहित फिल्म से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथि एवं टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

यह फिल्म न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगी, बल्कि गौ-रक्षा, भारतीय मूल्यों तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी देगी। ऐसे प्रयासों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में सराहनीय कदम माना जा रहा है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments