

65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, चौंकाने वाला निकला आरोपी और पीड़िता का रिश्ता
देहरादून । रायपुर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को घर में बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हुई इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से लूटी गई शत-प्रतिशत संपत्ति भी बरामद कर ली गई है।
मामले के अनुसार, गढ़वाली कॉलोनी रायपुर निवासी गीता काला ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया कि 19 जुलाई को दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच उनकी मां भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली थीं, तभी दो अज्ञात व्यक्ति खुद को नगर निगम कर्मचारी बताते हुए जबरन घर में घुस आए। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट कर उनके सोने के कुंडल, अंगूठी, तीन हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में तत्काल मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने थाना रायपुर पर विशेष पुलिस टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने घटनास्थल के आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दो संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए पूर्व में इसी तरह की घटनाओं में शामिल रहे आरोपियों के हुलिये से फुटेज का मिलान किया गया।

लगातार प्रयासों का नतीजा यह रहा कि 20 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सीक्यूआई जंगल रायपुर से दोनों आरोपियों सागर सिंह रावत और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पेशे से प्लंबर हैं और नशे के आदी हैं। चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी सागर पीड़ित बुजुर्ग महिला के मोहल्ले का ही रहने वाला है और उसे पहले से जानकारी थी कि महिला घर में अकेली रहती हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाते हुए उसने अपने साथी अंकित के साथ मिलकर नशे और अन्य जरूरतों के लिए लूट की योजना बनाई और नगर निगम कर्मचारी बनकर सफाई व्यवस्था जांचने के बहाने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद दोनों लूट का माल बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अपर गढ़वाली कॉलोनी रिंग रोड निवासी सागर सिंह रावत पुत्र प्रेम सिंह रावत और आदर्श कॉलोनी रिंग रोड निवासी अंकित गुप्ता पुत्र प्रवेश गुप्ता के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक सोने की अंगूठी, विवो कंपनी का मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रायपुर उपनिरीक्षक संजीत कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सिंह रावत, उपनिरीक्षक कैलाश चंद, सहायक उपनिरीक्षक सुनील रावत, हेड कांस्टेबल प्रेम पंवार तथा कांस्टेबल मुकेश कंडारी, कमल रावत, दिनेश राणा, बृजमोहन सिंह व कमलेश सजवाण की टीम शामिल रही।

Recent Comments