
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के साथ प्रदेश में खाद्यान्न एवं दैनिक आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने आयुक्त खाद्य बी. एल. राणा से प्रदेश में आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की उपलब्धता तथा बाजार में उनके मूल्यों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं उचित दरों पर निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए संबंधित विभागों को लगातार एवं नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया। उन्होंने बाजार में खाद्य सामग्री, डीजल, पेट्रोल, एलपीजी एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता तथा कीमतों पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके लिए बाजारों, गोदामों एवं थोक विक्रेताओं के यहां नियमित निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार बाजार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं आमजन को राहत प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विशेष रूप से चारधाम यात्रा से जुड़े जनपदों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं मूल्य नियंत्रण की स्थिति पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में चीफ मार्केटिंग ऑफिसर डॉ. एम.एस. विसेन, रीजनल मार्केटिंग ऑफिसर सी.एम. घिल्डियाल तथा उपायुक्त निधि रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments