
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों में सड़क निर्माण, सौंदर्यीकरण, आपदा राहत और सौर ऊर्जा से जुड़ी विकास योजनाओं के लिए कुल 42 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दी है।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ की धारचूला विधानसभा के ग्राम सभा बौन में हयॉ गुरु देव व गैरेंग मंदिर के सौंदर्यीकरण और चारदीवारी निर्माण के लिए 85 लाख रुपये मंजूर किए। वहीं सल्ट विधानसभा में कुलान्टेश्वर महादेव के मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 50.08 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई।
इसके अलावा विकासखंड धारचूला में आदि कैलाश मंदिर तक वाह्य रास्ते और अन्य सुविधाओं के निर्माण के लिए 3.28 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
हरिद्वार की पिरान कलियर विधानसभा के मेवड़ नागड़ श्मशान घाट में बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए 16.49 लाख रुपये मंजूर हुए। उधमसिंहनगर के किच्छा क्षेत्र में नगला-लालपुर मोटर मार्ग से इंदर पुर अम्बेडकर कालोनी तक मार्ग का प्रीमिक्स कार्पेट से पुनर्निर्माण होगा, जिसके लिए 85.49 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।
चम्पावत विधानसभा के टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किमी आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए 4.38 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई।
मुख्यमंत्री ने शासकीय भवनों पर 5.5 मेगावाट क्षमता के ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट लगाने के लिए 35.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए, जिसकी पहली किश्त के रूप में 14.10 करोड़ जारी होंगे। सार्वजनिक स्थलों पर सोलर स्ट्रीट लाइट और सोलर हाई मास्ट लगाने के लिए 38 करोड़ रुपये में से पहली किश्त 15.20 करोड़ मंजूर की गई। साथ ही उरेडा के तहत शासकीय भवनों पर सोलर वाटर हीटर लगाने के लिए 6.76 करोड़ में से 2.70 करोड़ की पहली किश्त स्वीकृत की गई।
देहरादून में दैवीय आपदा से प्रभावित ग्राम मझाडा/कार्लीगाड के 14 परिवारों को सुरक्षा के लिए अन्यत्र किराए के भवन में रखने हेतु 6 माह तक 4000 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से कुल 3.36 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और जनहित के कार्यों में तेजी आएगी। सभी कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Recent Comments