हरिद्वार में बोले सीएम धामी: किसान उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत, एप्पल मिशन पर 80% तक सब्सिडी 

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसान उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत हैं और राज्य सरकार उनकी आय बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मंगलवार को हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में प्रतिभाग करते हुए उन्होंने कहा कि हरिद्वार के आम स्वाद और गुणवत्ता में किसी से कम नहीं हैं और यहां की प्रदर्शनी प्रदेश की समृद्ध बागवानी क्षमता को दर्शाती है।

महोत्सव में विभिन्न प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी देखने के बाद मुख्यमंत्री ने किसानों और बागवानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। एप्पल मिशन के तहत किसानों को 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। इसके साथ ही कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट उत्पादन, महक क्रांति और सुगंधित-औषधीय पौधों पर आधारित उद्योगों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना रसायन के बने प्राकृतिक परफ्यूम की देश-विदेश में मांग लगातार बढ़ रही है।

सीएम धामी ने ‘हिमालय ब्रांड’ का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस ब्रांड के जरिए उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार उत्पादों को देश-दुनिया में नई पहचान मिल रही है। बेहतर गुणवत्ता और पैकेजिंग से स्थानीय उत्पादों की ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक फैसले लेकर देशभर में नई मिसाल कायम की है। सरकार का संकल्प है कि सभी वर्गों के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। इसी उद्देश्य से मदरसा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए नया शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास, कृषि, बागवानी, मत्स्य, पर्यटन, निवेश और खन में उत्तराखंड देश में अग्रणी बनकर उभर रहा है। खन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए केंद्र सरकार ने राज्य को 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार भी दिया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को विकास की तेज रफ्तार में और आगे बढ़ना होगा और विकास कार्य किसी भी स्थिति में नहीं रुकने चाहिए।

सीएम ने कहा कि आम महोत्सव जैसे आयोजन किसानों और बागवानों को नई पहचान देने के साथ स्थानीय उत्पादों को बाजार भी उपलब्ध कराते हैं। इससे किसानों का उत्साह बढ़ता है और कृषि-बागवानी क्षेत्र को नई संभावनाएं मिलती हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा, प्रदीप बत्रा, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments