दन्या में CM धामी की सौगातों की झड़ी, राजकीय कॉलेज भवन लोकार्पित, अल्मोड़ा में शहीद के नाम भव्य द्वार बनेगा

अल्मोड़ा।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दन्या के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने 4 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से बने राजकीय महाविद्यालय दन्या के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया। नए भवन से छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र का समेकित विकास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए कीर्तिमान बना रहा है और उत्तराखंड भी तेजी से प्रगति कर रहा है। राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक-आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। जागेश्वर धाम को मास्टर प्लान के तहत मूल स्वरूप बचाते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। पार्किंग क्षमता बढ़ाई जा रही है।

जनसभा में मुख्यमंत्री ने निम्न घोषणाएं कीं:

  • शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार निर्माण।
  • चमतोला खेल मैदान बनाया जाएगा।
  • राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम बनेगा।
  • जीआईसी गरुड़ाबाँज में 4 अतिरिक्त कक्षा-कक्ष बनेंगे।
  • प्रेम मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर स्थल का सौंदर्यीकरण।
  • खेती जटेश्वर मोटर मार्ग पर कचौरी से कलूटा पोलिंग बूथ तक नई सड़क।
  • राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी का उच्चीकरण।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शीतकालीन पर्यटन, आयुर्वेद-योग आधारित पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ से मेलों और स्थानीय संस्कृति को नई पहचान मिली है, जिससे स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं। नकल विरोधी कानून से युवाओं का पारदर्शी भर्ती में भरोसा लौटा है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है।

केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि डबल इंजन सरकार में उत्तराखंड का समग्र विकास हो रहा है। उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सबको मिलकर काम करना है।

सभा के बाद मुख्यमंत्री धामी दन्या निवासी पवन पंत के घर पहुंचे और श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होकर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में विधायक मोहन सिंह महरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, कुंदन लटवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments