CM धामी की पहल: टिक्की बेचने वाले रवि शर्मा के बीमार बेटे देव का होगा निःशुल्क उपचार

मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीएम, सीएमओ सहित चिकित्सकों की टीम पहुंची पीड़ित परिवार के घर, एमआरआई जांच के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील पहल से लोहियाहेड निवासी टिक्की विक्रेता रवि शर्मा के 8 वर्षीय पुत्र देव के इलाज की राह अब आसान हो गई है। मुख्यमंत्री ने बच्चे के समुचित उपचार के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही इलाज का पूरा खर्च वहन करने के निर्देश दिए हैं।

गत दिवस मुख्यमंत्री धामी लोहियाहेड में रवि शर्मा की दुकान पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने टिक्की का स्वाद चखा। इसी दौरान रवि शर्मा ने अपने बेटे देव की बीमारी के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि देव बचपन से ही गंभीर स्वास्थ्य समस्या से पीड़ित है और उसके हाथ-पैर ठीक से काम नहीं करते। परिवार लंबे समय से उसका इलाज करा रहा है, देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भी उपचार कराया जा चुका है।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सोमवार देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी तुषार सैनी समेत चिकित्सकों की टीम रवि शर्मा के आवास पहुंची। ऑर्थो विशेषज्ञ डॉ. एच.एस. ऐरी और मुख्य चिकित्साधिकारी ने मौके पर बच्चे का परीक्षण किया और उसकी पूर्व मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी ली।

जांच के बाद चिकित्सकों ने सबसे पहले देव की एमआरआई जांच कराने की सलाह दी, जिसके आधार पर आगे के इलाज की दिशा तय होगी। जिलाधिकारी ने मौके पर ही अधिकारियों को तत्काल एमआरआई जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चे और परिजनों को अस्पताल ले जाने के लिए प्रशासन की ओर से वाहन और जरूरी सहायता मुहैया कराई जाएगी, और उपचार में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री की इस पहल से परिवार में उम्मीद जगी है। परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए इस मानवीय कदम के लिए धन्यवाद दिया।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments