देहरादून। उत्तरकाशी जिले के आपदा प्रभावित धराली-हरसिल क्षेत्र के दौरे को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी जंग तेज हो गई है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करण माहरा के इस दौरे पर भाजपा नेतृत्व की प्रतिक्रिया को लेकर कांग्रेस ने कड़ा पलटवार किया है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने रविवार को कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा नेतृत्व को डर है कि माहरा के दौरे से आपदा राहत कार्यों में हो रही लापरवाही की पोल खुल जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस डर से जिला प्रशासन ने दो दिन तक माहरा को भटवाड़ी से आगे नहीं जाने दिया।
धस्माना ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के उस बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें उन्होंने कहा था कि माहरा का दौरा “आपदा में अवसर तलाशना” है। धस्माना ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दुख की इस घड़ी में जिला पंचायत चुनाव में व्यस्त हैं और जिला पंचायत सदस्यों की खरीद-फरोख्त में लगे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस उत्तरकाशी जिले में यह भीषण आपदा आई है, उसी जिले के जिला पंचायत सदस्यों को भाजपा में शामिल करने के कार्यक्रम में मृतकों को श्रद्धांजलि तक नहीं दी गई।
धस्माना ने माहरा के साहस की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की सूचना मिलते ही वह कुमाऊं से देर रात रवाना हुए और भटवाड़ी में रोके जाने के बावजूद 42 किलोमीटर पैदल, खतरनाक चट्टानों पर मंकी क्रॉलिंग करते हुए, तेज बहाव वाले पानी में बल्लियों और गटर के सहारे पार करते हुए धराली-हरसिल पहुंचे। वहां उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात की और सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों का हौसला बढ़ाया।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी वही साहस दिखा सकते थे, लेकिन खराब मौसम और टूटी सड़कों का बहाना बनाकर राहत कार्य बेहद धीमी गति से चलाए गए, जिससे कई जानें बचाई जा सकती थीं।

Recent Comments