
देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने छात्र-छात्राओं और युवाओं से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब, बढ़ती बेरोजगारी तथा वर्तमान शिक्षा व्यवस्था की कमियों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा जारी परिपत्र में सभी जिला, महानगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को अपने-अपने मुख्यालयों पर व्यापक जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत प्रेस वार्ताओं का आयोजन, राहुल गांधी के संदेश का प्रचार-प्रसार, छात्र-युवा संवाद, सोशल मीडिया अभियान तथा विभिन्न संगठनों और प्रकोष्ठों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक समन्वय एवं संचालन समिति का भी गठन किया है। समिति में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और कांग्रेस संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों को शामिल किया गया है, जो प्रदेशभर में कार्यक्रमों के संचालन, समन्वय और निगरानी की जिम्मेदारी निभाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि इस अभियान का उद्देश्य छात्रों और युवाओं की समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए सरकार की शिक्षा, परीक्षा और रोजगार संबंधी नीतियों की कमियों को उजागर करना तथा युवाओं की आवाज को जन-आंदोलन का स्वरूप देना है।

Recent Comments