महंत इंद्रेश अस्पताल और गुरु राम राय ट्रस्ट की स्वास्थ्य सेवाओं को बताया उत्तराखंड के लिए वरदान
देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने शुक्रवार प्रातः श्री गुरु राम राय दरबार साहेब पहुंचकर झंडे साहब में माथा टेका। इसके बाद उन्होंने दरबार साहेब के श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर धस्माना ने उत्तराखंड सहित पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के मरीजों के उपचार में महंत इंद्रेश अस्पताल की महत्वपूर्ण भूमिका के लिए महंत देवेन्द्र दास जी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में गुरु राम राय ट्रस्ट का योगदान अत्यंत सराहनीय है। धस्माना ने कहा कि जिस स्तर की सेवाएं ट्रस्ट द्वारा उपलब्ध कराई जा रही हैं, वैसा कार्य कई बड़े राज्यों की सरकारें भी नहीं कर पातीं।
भेंटवार्ता के दौरान महंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने बताया कि उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में मरीज महंत इंद्रेश अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचते हैं। मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल का निरंतर विस्तार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने यह भी बताया कि महंत इंद्रेश अस्पताल में कैंसर की जांच, शोध और उपचार के लिए विश्वस्तरीय आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराई गई है, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज में मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है।
महंत देवेन्द्र दास जी ने कहा कि श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में चिकित्सा और स्वास्थ्य से जुड़े नर्सिंग, फार्मेसी सहित अनेक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। ये पाठ्यक्रम न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं, बल्कि उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रहे हैं।
मुलाकात के अंत में दरबार श्री गुरु राम राय झंडे साहेब के महंत श्री देवेन्द्र दास जी महाराज ने सूर्यकांत धस्माना को शॉल ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया।

Recent Comments