

देहरादून। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सामने आ रहे घोटाले कांग्रेस के राजनीतिक भ्रष्टाचार का असली काला चेहरा हैं।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में चमोली ने कहा कि कर्नाटक में पीडब्ल्यूडी मंत्री सतीश के परिवार से ईडी द्वारा अथाह संपत्ति जब्त होना और उत्तराखंड में पूर्व सीएम हरीश रावत के निजी सचिव रहे चंदन सिंह जीना के यहां ईडी छापों में सोना, कैश और विदेशी मुद्रा मिलना एक ही पैटर्न का भ्रष्टाचार है। अफ्रीका तक फैले कारोबार की तरह यहां भी काला धन मिला है।
उन्होंने हरीश रावत के इस्तीफे की पेशकश पर सवाल उठाया कि जब उनके मुख्यमंत्री रहते नियुक्तियों और परीक्षाओं में भ्रष्टाचार की जांच हुई और दोषी पाए गए, तब उन्होंने इस्तीफा क्यों नहीं दिया। 9 साल बाद पकड़े जाने पर सहानुभूति के लिए इस्तीफे की बात करना नैतिक जिम्मेदारी से बचना है।
चमोली ने कहा कि मीडिया में जीना का बयान है कि बरामद रकम कांग्रेस पार्टी फंड के लिए चंदा था। कांग्रेस और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल बताएं कि यह कौन सा चंदा मॉडल है जो ओएसडी के जरिए चलता था, क्या यह गांधी परिवार की फंडिंग सिस्टम थी। इसका पूरा हिसाब जनता के सामने आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने नकल पर सख्त कानून बनाया, 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा और 37 हजार पारदर्शी नियुक्तियां कीं, जबकि कांग्रेस शासन में पटवारी और दरोगा घोटाले के मास्टरमाइंड आज स्टार प्रचारक हैं। भाजपा में भ्रष्टाचारी सलाखों के पीछे जाते हैं, कांग्रेस में संरक्षण पाते हैं। टाइमिंग पर सवाल उठाने वालों से कहा कि चुनाव हर साल होते हैं, इसलिए वन नेशन वन इलेक्शन जरूरी है, चुनाव के नाम पर अपराधी नहीं बच सकते।

Recent Comments