ऋषिकेश(आरएनएस)। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2007 से पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने कभी जनता की मूलभूत समस्याओं के निस्तारण को काम नहीं किया। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें नहीं होती थीं तो रात्रि में आवागमन करना भी मुश्किल होता था। मगर, उनके विधायक बनने के बाद से आज लगभग सभी सड़कें बनी हैं। मंगलवार को श्यामपुर भल्लाफार्म नंबर 08 में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने भल्ला फार्म में 4.97 किलोमीटर लंबी सड़कों का भूमि पूजन कर कार्य प्रारंभ करवाया। उन्होंने कहा कि इस कार्य की लागत 337.85 लाख रुपये है। उन्होंने कार्यदायी संस्था लोनिवि के अधिकारियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। भाजपा श्यामपुर मंडल अध्यक्ष दिनेश पयाल ने कहा कि निकाय चुनाव में क्षेत्रवाद की राजनीति कर लोगों को भ्रमित करने तथा विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने का कार्य किया गया, जबकि जनता ने ऐसे लोगों को करारा जवाब देकर गलत तरीके से राजनीति न करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के रहते किसी भी प्रकार के विकास कार्य न ही अवरुद्ध होंगे और न ही क्षेत्रवाद होगा। इस मौके पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता भृगुनाथ द्विवेदी, सहायक अभियंता राजेश चौहान, अपर सहायक अभियंता संजय सेमवाल, भाजपा मंडल महामंत्री सतपाल राणा, प्रभाकर पैयूली, राजवीर रावत, जितेंद्र पोखरियाल, एपीएस यादव, नीलम रावत आदि उपस्थित रहे।

Recent Comments