
देहरादून। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून ने 25 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के दो सदस्यों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान तपन बिस्वास (45 वर्ष) और उत्तम कुमार दास (38 वर्ष), निवासी उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि देहरादून निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर ठगों ने उसका मोबाइल फोन हैक कर ई-मेल और मोबाइल नंबर बदल दिए तथा उसकी कंपनी के बैंक खाते से करीब 24.95 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। इस पर साइबर क्राइम थाना देहरादून में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ द्वारा विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का विश्लेषण करते हुए पुलिस टीम को पश्चिम बंगाल में सुराग मिला। निरीक्षक आशीष गुसांई के नेतृत्व में टीम को रवाना किया गया, जिसने 18 जून को रानाघाट क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी साइबर ठगों को बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें आर्थिक लाभ मिलता था। आरोपी विभिन्न लोगों के नाम से बैंक खाते खुलवाकर उनके डेबिट कार्ड और सिम साइबर अपराधियों को सौंपते थे। जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम इन खातों के माध्यम से ट्रांजेक्शन कर आगे ट्रांसफर की जाती थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 डेबिट कार्ड, तीन मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और बैंक खाता खोलने से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद सामग्री को सील कर कब्जे में ले लिया गया है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी संगठित साइबर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और इनके खातों के माध्यम से ठगी की रकम के लेनदेन के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Recent Comments