
देहरादून । जनपद में 12 जून से प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को लेकर देहरादून पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में पुलिस लाइन देहरादून में बुधवार को उच्चाधिकारियों द्वारा सुरक्षा में तैनात पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग कर त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरूगेशन, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस उप महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेन्द्र गुंज्याल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य के मद्देनजर सतर्क और सजग रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें और अपने प्रभारी अधिकारी से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर क्षेत्र का भली-भांति निरीक्षण करें। ड्यूटी के दौरान पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड साथ रखना अनिवार्य होगा। नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सादे और वर्दी में तैनात सभी कर्मियों की पहचान सुनिश्चित कर उन्हें ड्यूटी संबंधी ब्रीफिंग दें तथा किसी भी स्थिति में पुलिस बल एक स्थान पर एकत्रित न हो।

वीवीआईपी रूट, प्रवास स्थल और कार्यक्रम स्थल के आसपास सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हाईराइज इमारतों में रहने वाले लोगों का शत-प्रतिशत सत्यापन, पानी की टंकियों, फ्लाईओवर समेत संवेदनशील स्थानों की बीडीएस और डॉग स्क्वॉड से जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। इन स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग पर रोक लगाते हुए बिना अनुमति ड्यूटी प्वाइंट छोड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


इसके अलावा वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान संबंधित क्षेत्रों में ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी व्यक्ति को ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में होटल, धर्मशाला, बस अड्डा और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
ब्रीफिंग में ड्यूटी में तैनात सभी राजपत्रित अधिकारी और पुलिस कर्मी मौजूद रहे।


Recent Comments